नई दिल्ली: कोरोनावायरस महामारी के दौर में सोने की कीमतें रोज नए रिकॉर्ड बना रही हैं. भाव 55 हजार के स्तर को छू गया है. घरेलू बाजार ही नहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमतें तेजी से उछल रही हैं और सोना 2000 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच चुका है. दिल्ली सराफा बाजार में सोमवार को सोने-चांदी की कीमतों में तेजी दर्ज की गई. सोने के भाव 185 रुपये बढ़कर 54,678 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गए. वहीं, चांदी के भाव 1672 रुपये बढ़कर 66,742 रुपये प्रति किलो के स्तर पर हो गए. एक्सपर्ट का मानना है कि दुनिया के मौजूदा हालात को देखते हुए इक्विटी पर दबाव रहेगा, जिसका फायदा सोने को मिल सकता है. हालांकि ग्राहकों को एग्रेसिव खरीदारी से बचना चाहिए.
हाजिर बाजार में बीते कारोबारी सत्र सोने का भाव 54,493 रुपये प्रति दस ग्राम पर था. जबकि, चांदी के भाव 65,070 रुपये प्रति किलो पर थे.
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के सीनियर एनॉलिस्ट (कमोडिटी) तपन पटेल का कहना है कि दिल्ली में 24 कैरेट सोने का हाजिर भाव 184 रुपये मजबूत होकर कारोबार कर रहा था. दूसरी ओर, सोमवार को डॉलर की तुलना में रुपया 20 पैसे कमजोर होकर 75 से नीचे बंद हुआ. घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही और डॉलर में मजबूती दर्ज की गई. इसका असर सोने के हाजिर बाजार पर देखा गया.

