मुंबई: बेहतर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार की शुरूआत तो बेहतर रही, लेकिन बाद में इसमें कमजोरी आ गई. कारोबार के अंत में शेयर बाजार कमजोर होकर बंद हुए. सेंसेक्स में 95 अंकों की गिरावट रही और यह 38,990.94 के स्तर पर बंद हुआ. निफ्टी में 3 अंकों की कमजोरी रही और यह 11532 के स्तर पर बंद हुआ. आज के कारोबार में बैंक और फाइनेंशियल शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है. आईटी और आटो शेयरों में खरीददारी रही है. आज टाइटन, टेक महिंद्रा और मारुति जैसे शेयरों ने बाजार को सपोर्ट दिया है. हालांकि आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल और आरआईएल में कमजोरी देखी गई. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो कल डाउ जोंस में 450 अंकों की बढ़त देखने को मिली थी. S&P 500 इंडेक्स ने भी नया रिकॉर्ड स्तर बनाया. वहीं आज एशियाई बाजारों में आज मिक्स्ड ट्रेंड देखने को मिला है.
आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 14 शेयरों में तेजी देखने को मिली. टाइटन कंपनी, नेस्ले इंडिया, टेक महिंद्रा, मारुति, एशियन पेंट्स और सनफार्मा आज के टॉप गेनर्स दिख रहे हैं. वहीं आईसीआईसीआई बैंक, एयरटेल, पावरग्रिड, कोटक बैंक, इंडसइंड बैंक और ओएनजीसी टॉप लूजर्स रहे हैं. निफ्टी पर प्रमुख 11 में 8 इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए. बैंक और फाइनेंशियल इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही. आटो में 0.80 फीसदी और आईटी इंडेक्स में 1.5 फीसदी की तेजी रही है. फार्मा में 0.91 फीसदी और एफएमसीजी इंडेक्स में 0.78 फीसदी की तेजी रही है. मेटल और रियल्टी लाल निशान में बंद हुए हैं.

