मुंबई। अमेरिकी हवाई हमले में ईरान के टॉप मिलिटरी लीडर कासिम सुलेमानी की मौत के बाद से जियोपॉलिटिकल टेंशन का सेंटीमेंट बाजार पर हावी हो गया. इस हमले के बाद से जहां क्रूड की कीमतों में आग लगी है, वहीं दुनियाभर के बाजारों में सोने के भाव में अचानक से तेजी आ गई है. जियोपॉलिटिकल टेंशन बढ़ने से सोने में सेफ हैवन के रूप में निवेश अचानक से बढ़ गया है. घरेलू बाजार की बात करें तो एमसीएक्स पर सोना 39920 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया जो 4 सिंतबर 2019 के बाद से सबसे ज्यादा है. एक्सपर्ट सोने में यह तेजी जारी रहने की बात कहते हुए शॉर्ट टर्म के लिए 41000 रुपये प्रति 10 ग्राम का लक्ष्य दे रहे हैं।
शॉर्ट टर्म में सोना हो सकता है 41 हजारी
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि यूएस और ईरान में टेंशन अपने पीक लेवल पर है. वहीं, यूएस और नॉर्थ कोरिया का भी इश्यू बना हुआ है. इसके अलावा भी कुछ फैक्टर हैं जो गोल्ड की कीमतों को सपोर्ट दे रहे हैं. मसलन यूएस के आर्थिक आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहे हैं, जिससे डॉलर में कमजोरी आई है. चीन में नए साल पर उसी तरह से गोल्ड की खरीददारी होती है, जैसे भारत में दिवाली के मौके पर. चीन में 25 जनवरी से नए साल का सेलिब्रेशन शुरू होगा. इन वजहों से आगे गोल्ड में तेजी बनी रहेगी. अगर करंट सेंटीमेंट बने रहे तो शॉर्ट टर्म में सोना 41 हजार प्रति 10 ग्राम का भाव दिखा सकता है।
नहीं थमने वाली सोने में तेजी!
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के रिसर्च एनालिस्ट- कमोडिटीज फंडामेंटल जिगर त्रिवेदी का कहना है कि यूएस एयरस्ट्राइक के बाद सोने के भाव एमसीएक्स पर चढ़ गए हैं. पिछले 2 हफ्ते की बात करें तो सोना भारत में 1700 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा महंगा हो चुका है. सोने की ग्लोबल कीमतें बढ़ने से यह इजाफा हुआ है. इस दौरान चांदी की कीमतों में भी तेजी आई है. नियर टर्म की बात करें तो सोने को 39,800 से 39,700 के बीच नीचे की ओर सपोर्ट दिख रहा है. आज इंट्राडे की बात करें तो सोने के लिए 40 हजार का मजबूत रेजिस्टेंस दिख रहा है, लेकिन रुपये में कमजोरी के चलते यह स्तर पार कर सकता है. उनका कहना है कि जियो पॉलिटिकल टेंशन ऐसे ही जारी रहा तो सोने में यह तेजी थमने वाली नहीं है।
मेजर जनरल कासिम सुलेमानी की मौत
असल में अमेरिका ने गुरुवार देर रात इराक की राजधानी बगदाद में हवाई हमला करके ईरान के प्रमुख मेजर जनरल कासिम सुलेमानी को मार डाला है. बताया जा रहा है कि सुलेमानी का काफिला बगदाद एयरपोर्ट की ओर बढ़ रहा था, इसी दौरान अमेरिका ने हवाई हमला कर दिया. इस हमले में ईरान समर्थित पॉप्युलर मोबलाइजेशन फोर्स के डेप्युटी कमांडर अबू मेहदी अल मुहांदिस के भी मारे जाने की खबर है।

