एग्जिट पोल और जीडीपी के आंकड़ों का असर आज भारतीय शेयर बाज़ार में दिखा। राजस्थान छोड़ सभी राज्यों में एग्जिट पोल ने स्टेबल सरकार आने का अनुमान लगाया है जो बाजार को पसंद आया. शुक्रवार को एनएसई निफ्टी 134.75 अंक की तेजी के साथ 20,267.90 पर बंद हुआ. वहीं बीएसई सेंसेक्स 492.75 अंक के उछाल के साथ 67,481.19 पर बंद हुआ. इससे पहले दिन के कारोबार के दौरान निफ्टी ने करीब 0.75 फीसदी की छलांग लगाते हुए 20,280 का आंकड़ा भी पार कर लिया, जो उसका लाइफ टाइम हाई है.
1 दिसम्बर को जब बाजार खुला तो सुबह से ही तेजी का रुझान रहा. निफ्टी 0.30 फीसदी ऊपर 20194.1 पर और बीएसई सेंसेक्स 192.71 अंक ऊपर 67,181.15 पर खुला. स्टॉक मार्किट में आज तेजी के लिए काफी हद तक सितंबर तिमाही के बेहतर ग्रोथ के आंकड़ों को जिम्मेदार माना जा सकता है जो उम्मीद से बेहतर कहे जा रहे हैं . इसके अलावा कुछ प्रमुख आईपीओ जो हाल ही में आये हैं उनको भी मिला शानदार रिस्पॉन्स मिला है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्याज दरों में नरमी आने के संकेतों ने भी आउटलुक को बेहतर बनाया है . कल संपन्न हुए 5 राज्यों के चुनावों के एग्जिट पोल में जो संकेत सामने आए हैं, उसे भी शेयर बाजार ने पसंद किया है. भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ रेट सितंबर-तिमाही में 7.6 फीसदी रही, जो भारतीय रिजर्व बैंक के 6.5 फीसदी के अनुमान से काफी अधिक है. अर्थशास्त्रियों के पोल में भी ग्रोथ रेट 6.8 फीसदी तक रहने का पूर्वानुमान जाहिर किया गया था.
निफ्टी पर एनटीपीसी, अपोलो हॉस्पिटल्स, एलएंडटी, इंडसइंड बैंक और एशियन पेंट्स मार्केट खुलने पर सबसे ज्यादा लाभ में दिखे, जबकि नुकसान में बजाज ऑटो, विप्रो, हीरो मोटोकॉर्प, टाइटन कंपनी और एक्सिस बैंक के शेयर रहे। बीएसई का इंडेक्स सेंसेक्स सुबह 9 बजकर 3 मिनट पर 218.15 अंक मजबूत होकर 67206.59 के लेवल पर कारोबार करता दिखा था। इसी तरह NSE का निफ्टी भी 85.30 अंक की उड़ान लिए 20218.45 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

