नयी दिल्ली: घरेलू वाहन विनिर्माता कंपनी टाटा मोटर्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा की जनवरी महीने में गिरावट दर्ज की गयी है|
टाटा मोटर्स ने शनिवार को बयान में कहा कि समीक्षाधीन अवधि में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री 18 प्रतिशत गिरकर 45,242 इकाई पर रही। पिछले साल जनवरी में उसने 54,915 वाहनों की बिक्री की थी। घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री 22 प्रतिशत गिरकर 13,894 इकाई रही, जो कि जनवरी 2019 में 17,826 इकाइयों पर थी।
वहीँ महिंद्रा ने शनिवार को बयान में कहा कि घरेलू बाजार में उसकी बिक्री तीन प्रतिशत गिरकर 50,785 इकाइयों पर आ गयी। जनवरी 2019 में कंपनी ने घरेलू बाजार में 52,500 वाहन बेचे थे। इस दौरान, निर्यात 45 प्रतिशत गिरकर 1,761 इकाई पर रहा। एक साल पहले जनवरी में यह आंकड़ा 3,222 इकाई पर था।
कार, वैन और यूटिलिटी वाहन समेत यात्री वाहन क्षेत्र में कंपनी ने इस साल जनवरी में 19,797 वाहन बेचे। एक साल पहले जनवरी में उसने 23,872 यात्री वाहनों की बिक्री की थी। इस दौरान कंपनी की वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 22,851 वाहन रही, जो एक साल पहले इसी महीने 22,625 इकाई पर थी।

