रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का मूल्य बाजार की ताकतें तय करती हैं और केंद्रीय बैंक को मुद्रा के मूल्य में दिन-प्रतिदिन होने वाले उतार-चढ़ाव की चिंता नहीं है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की रिजर्व बैंक बोर्ड के साथ बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मल्होत्रा ने कहा कि केंद्रीय बैंक मध्यम से लंबी अवधि में रुपये के मूल्य पर ध्यान केंद्रित करता है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य में गिरावट के मूल्य वृद्धि पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में गवर्नर ने कहा कि 5 प्रतिशत की गिरावट से घरेलू मुद्रास्फीति पर 30-35 आधार अंकों का प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि आरबीआई ने अगले वित्त वर्ष के लिए विकास और मुद्रास्फीति अनुमानों पर काम करते हुए मौजूदा रुपया-डॉलर दर को ध्यान में रखा है। एक सवाल के जवाब में वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नए आयकर प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और उन्हें उम्मीद है कि इसे आने वाले सप्ताह में लोकसभा में पेश किया जाएगा। इसके बाद इसे संसद की स्थायी समिति के पास भेजा जाएगा।

