पब्लिक सेक्टर के पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों के लिए साइबर क्राइम को लेकर अलर्ट जारी किया है. बैंक ने अपने अलर्ट सन्देश में कहा कि पीएनबी जैसे दिखने वाले किसी भी फर्जी लिंक पर क्लिक न करें। सन्देश में बताया गया है कि बैंक की आधिकारिक वेबसाइट www.pnbindia.in है, ऐसे में ऑनलाइन कोई भी ट्रांजैक्शन करते समय हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट चेक करें।
PNB ने इसे लेकर सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर भी एक पोस्ट डाली है जिसमें लिखा है कि ग्राहकों के लिए एक जरूरी सूचना. पंजाब नेशनल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट www.pnbindia.in है। इसके अलावा पंजाब नेशनल बैंक से होने का दावा करने वाले किसी भी फर्जी दावे से सावधान रहें और उस पर लिंक पर क्लिक न करें। कुछ दिन पहले गृह मंत्रालय की साइबर क्राइम ब्रांच ने पंजाब नेशनल बैंक के नाम पर चल रही फर्जी निवेश योजना का पर्दाफाश किया था जिसकी जानकारी सरकारी सोशल मीडिया हैंडल ‘साइबर दोस्त’ पर भी मौजूद है. इस स्कीम में निवेशकों को पंजाब नेशनल बैंक के नाम पर लालच देकर कमीशन देने की बात है.
साइबर दोस्त ने अपने X पोस्ट में सभी लोगों को ऐसे फर्जी पार्ट टाइम जॉब और निवेश ऐप्स के विज्ञापनों से दूर रहने की सलाह दी। इस तरह के भ्रमित विज्ञापनों के ज़रिये किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। अगर आप इंटरनेट पर निवेश से जुड़ा कोई विज्ञापन देखें तो पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उसकी पुष्टि कर लें। किसी भी बैंक की वेबसाइट खोलने से पहले उसके यूआरएल को ध्यान से पढ़ें। सबसे ज़रूरी बात ये कि कोई भी बैंक आपसे कभी OTP नहीं मांगता, अगर कोई बैंक के नाम से OTP मांग रहा है तो इसका मतलब फ्रॉड है.

