नई दिल्ली: ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन इंडिया (Amazon India) के इस साल के त्योहारी सेल से एक लाख से अधिक स्थानीय दुकानें, किराना स्टोर व गली-मोहल्ले के स्टोर जुड़ने वाले हैं. कंपनी ने रविवार को इसकी जानकारी दी. अमेजन ने कहा कि इन दुकानों को विभिन्न मुहिमों के जरिए जोड़ा जायेगा. 20 हजार से अधिक ऑफलाइन रिटेलर, किराना और स्थानीय दुकानदार पहली बार ‘ग्रेट इंडियन फेस्टिवल’ में भाग लेंगे. ये रोजमर्रा के सामान, बड़े उपकरणों और घर की सजावट के सामानों की बिक्री करेंगे.
कंपनी ने कहा कि इस फॉर्मेट के जरिये दुकान मालिक डिजिटल मौजूदगी दर्ज कर सकेंगे और अपनी पहुंच का विस्तार कर सकेंगे. इससे ग्राहकों को अपने शहरों में स्थानीय स्टोर से खरीदारी करने की सुविधा मिलेगी. यह कार्यक्रम इस साल अप्रैल में शुरू किया गया था. अब तक इस कार्यक्रम से 400 शहरों के 20,000 से अधिक रिटेलर जुड़ चुके हैं. इनमें मेरठ, लुधियाना, सहारनपुर, सूरत, इंदौर, एर्नाकुलम और कांचीपुरम आदि शहर शामिल हैं. इसमें 40 फीसदी से अधिक विक्रेता शीर्ष 10 शहरों के बाहर के हैं.
अमेजन इंडिया ने ‘अमेजन ईजी स्टोर्स’, ‘आई हैव स्पेस’ और ‘अमेजन पे स्मार्ट स्टोर’ नाम से अन्य कार्यक्रम भी शुरू किया है. अमेजन इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘इस त्योहारी सीजन में, हम अपने विक्रेताओं व अन्य एमएसएमई भागीदारों को उनके कारोबार को बढ़ाने और हाल की चुनौतियों से उबरने में मदद करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. पिछले कुछ महीनों में हमने सभी आकार के व्यवसायों को तेजी से टेक्नोलॉजी को अपनाते हुए देखा है.’’

