मुंबई: यस बैंक के शेयरों में सोमवार को 10 फीसदी का लोअर सर्किट लगा है. बीएसई पर शेयर करीब 10 फीसदी टूटकर 12.30 रुपये के भाव पर आ गया. यस बैंक का फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) का शेयर आज स्टॉक मार्केट में लिस्ट हुआ है. एफपीओ में कारोबार शुरू होने के बाद यस बैंक में 10 फीसदी गिरावट आ गई. बता दें कि यस बैंक के फॉलो ऑन ऑफर (FPO) का फ्लोर प्राइस घोषित करने के बाद से ही बैंक के शेयरों में लगातार गिरावट जारी है. गुरूवार को भी इसमें 20 फीसदी का लोअर सर्किट लगा था.
बैंक के FPO का फ्लोर प्राइस 12 रुपए प्रति शेयर तय किए गए थे जो 9 जून के मार्केट प्राइस के मुकाबले 60 फीसदी डिस्काउंट पर था. फ्लोर प्राइस तय होने से लेकर अब तक यस बैंक के शेयरों में करीब 59 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. यस बैंक का फॉलो ऑन पब्लिक ऑफर (एफपीओ) देश का अब तक का सबसे बड़ा एफपीओ रहा है. 15,000 करोड़ रुपए के इस इश्यू को 95 फीसदी से ज्यादा यानी 14,267 करोड़ रुपए का सब्सक्रिप्शन मिला. इसका मतलब यह है कि बैंक ने इस ऑफर के जरिये बाजार से 14,267 करोड़ रुपए की नई शेयर पूंजी जुटाई है.

