महाराष्ट्र के उल्हासनगर स्थित कोणार्क अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक पर भारतीय रिजर्व बैंक ने मंगलवार को धन निकासी सहित कई प्रतिबंध लगा दिए। बैंक खराब वित्तीय स्थिति का सामना कर रहा है। पात्र जमाकर्ता जमा बीमा और क्रेडिट गारंटी निगम (DICGC) से अपनी जमा राशि से पांच लाख रुपये तक की जमा बीमा दावा राशि प्राप्त करने के हकदार होंगे। कोणार्क अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक पर बैंकिंग विनियमन अधिनियम, 1949 की धारा 35ए के तहत प्रतिबंध 23 अप्रैल, 2024 को कारोबार बंद होने से लागू हो गए।
RBI द्वारा लगाई गयी पाबंदियों के साथ बैंक केंद्रीय बैंक की अनुमति के बिना किसी भी लोन को मंजूरी या रिनीवल नहीं कर सकता है, किसी भी तरह इन्वेस्टमेंट नहीं कर सकता है, कोई देनदारी ट्रांसफर नहीं कर सकता है या अपनी किसी भी प्रॉपर्टी का कोई निपटान नहीं कर सकता है। .
RBI ने अपने आदेश में कहा बैंक की वर्तमान नकदी हालत को ध्यान में रखते हुए सभी सेविंग्स और करेंट अकाउंट या जमाकर्ता के किसी अन्य खाते में कुल शेष से ऋण को समायोजित करने के अलावा कोई राशि निकालने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि ऋणदाता पर प्रतिबंध को बैंकिंग लाइसेंस रद्द करने के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए। इस आदेश में कहा गया है कि बैंक अपनी वित्तीय स्थिति में सुधार होने तक प्रतिबंधों के साथ बैंकिंग परिचालन जारी रखेगा।

