देश में किफायती फ्लैटों की लॉन्चिंग अप्रैल-जून में साल-दर-साल 21 फीसदी घटकर 1,32,77 इकाई रह गई, ये जानकारी रियल एस्टेट कंसल्टेंट जेएलएल इंडिया ने शुक्रवार को अपने ताजा आंकड़ों में दी है. इस रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल-जून की अवधि में सात प्रमुख शहरों में 50 लाख रुपये से कम कीमत वाले किफायती अपार्टमेंट की नई आपूर्ति में 21 फीसदी की गिरावट आई है, क्योंकि बिल्डरों ने अधिक प्रीमियम फ्लैट लॉन्च किए हैं। ये सात शहर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे हैं। एमएमआर में मुंबई शहर, मुंबई suburb , ठाणे शहर और Navi Mumbai शामिल हैं।
दिल्ली-एनसीआर में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और सोहना शामिल हैं। रोहाउस, विला और प्लॉटेड डेवलपमेंट को विश्लेषण से बाहर रखा गया है। जून तिमाही में कुल नई आपूर्ति में से, किफायती फ्लैटों की लॉन्चिंग 13,277 यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 16,728 यूनिट से 21 प्रतिशत कम है। 50 लाख रुपये से 1 करोड़ रुपये के बीच कीमत वाले फ्लैटों की लॉन्चिंग 55,701 यूनिट से 14 प्रतिशत घटकर 47,930 यूनिट रह गई। 1-3 करोड़ रुपये के बीच कीमत वाले फ्लैटों की नई आपूर्ति 67,119 यूनिट से 3 प्रतिशत बढ़कर 69,312 यूनिट हो गई। 3-5 करोड़ रुपये के बीच कीमत वाले अपार्टमेंट की लॉन्चिंग 7,149 यूनिट से दोगुनी से अधिक बढ़कर 19,202 यूनिट हो गई।
इसी तरह, 5 करोड़ रुपये से अधिक की श्रेणी में नई आपूर्ति 4,510 यूनिट से दोगुनी से अधिक बढ़कर 9,734 यूनिट हो गई। प्रीमियम घरों की बढ़ती आपूर्ति और किफायती घरों की घटती आपूर्ति के रुझान पर टिप्पणी करते हुए, जेएलएल के भारत में आवासीय सेवाओं के प्रमुख, वरिष्ठ प्रबंध निदेशक (चेन्नई और कोयंबटूर) शिव कृष्णन ने कहा कि यह लक्षित दर्शकों के बीच उच्च मूल्य वाले घरों की मांग में वृद्धि के प्रति डेवलपर्स की सक्रिय प्रतिक्रिया को दर्शाता है।

