विधानसभा नतीजों के बाद केंद्र में स्थिरता के संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाज़ारों आज भी हरियाली नज़र आयी. आज सेंसेक्स करीब 300 अंक चढ़ा है, जबकि निफ्टी 20950 के पार पहुंच गया है. आज कारोबार के लगभग हर सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली है. आईटी, मेटल, फार्मा इंडेक्स, एफएमसीजी और रियल्टी इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सिर्फ ऑटो इंडेक्स पर दबाव दिख रहा है। फिलहाल सेंसेक्स में 240 अंकों की बढ़त दिख रही है और यह 69,536.59 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। जबकि निफ्टी 77 अंक बढ़कर 20951 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। दिग्गज शेयरों में खरीदारी दिख रही है। आज के टॉप गेनर्स में एनटीपीसी, पावरग्रिड, एशियनपेंट, एचडीएफसीबैंक, सनफार्मा, एसबीआई शामिल हैं। जबकि टॉप लूजर्स में TITAN, MARUTI शामिल हैं। दोपहर 12 बजे सेंसेक्स जहाँ 275 वहीँ निफ़्टी 61 अंक ऊपर कारोबार कर रहा था.
ओबेरॉय रियल्टी ने अपनी एक रियल एस्टेट परियोजना के लिए महाराष्ट्र के ठाणे में 196 करोड़ रुपये में 6.4 एकड़ जमीन खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। जमीन की ‘रजिस्ट्री’ का काम पूरा हो चुका है. मई में, कंपनी ने महाराष्ट्र के ठाणे में पोखरण रोड -2 में स्थित भूमि अधिग्रहण के लिए एनआरबी बियरिंग्स लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। एमओयू के कुछ नियमों और शर्तों को पूरा करने पर अधिग्रहण पूरा किया जाना था।
वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के निदेशक मंडल ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 6 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के दूसरे अंतरिम लाभांश को मंजूरी दे दी है। इनकी कुल कीमत 2,535.19 करोड़ रुपये है. लाभांश का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा। कंपनी ने इस साल जुलाई में अपना पहला अंतरिम लाभांश 7 रुपये प्रति शेयर घोषित किया था।

