बेंगलुरु: जैव प्रौद्योगिकी उद्योग की दिग्गज किरण मजूमदार-शॉ ने कहा कि कोविड-19 की वैक्सीन जब भी आए, देश की बड़ी आबादी के टीकाकरण के लिए भारत को तत्काल अपनी टीकाकरण रणनीति बना लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह सुनिश्चित करे कि सबसे अधिक जोखिम वाली कम से कम 20 प्रतिशत आबादी का टीकाकरण किया जाए, तो हम वायरस पर नियंत्रण पा सकते हैं। इसके साथ ही मजूमदार-शॉ ने यह भी कहा कि भारत की 20 प्रतिशत आबादी का अर्थ है 20 से 30 करोड़ लोग, जो एक बड़ी संख्या है।
बायोकॉन लिमिटेड की कार्यकारी अध्यक्ष ने एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘वैक्सीन के बारे में सही अनुमान लगाना मुश्किल है। वैसे इस साल के अंत से लेकर अगले साल के मध्य तक, इसके आने का अनुमान है।’’ उन्होंने कहा कि कुछ वैक्सीन कार्यक्रमों ने क्लीनिकल परीक्षण का तीसरा चरण शुरू किया है, जबकि पहले और दूसरे चरण के मिलेजुले नतीजे देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में कुछ भी पक्का नहीं है और अमेरिका से आई रिपोर्ट के मुताबिक हर व्यक्ति को वैक्सीन की दो खुराकें लेनी होंगी, यानि ये सस्ती नहीं होगी।

