नयी दिल्ली: औषधि कंपनी कैडिला हेल्थकेयर का एकीकृत लाभ 31 मार्च, 2020 को समाप्त तिमाही में 14.82 प्रतिशत घटकर 391.90 करोड़ रुपये रहा। कैडिला हेल्थकेयर ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इससे पूर्व वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में कंपनी को 460.1 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
कंपनी की कुल परिचालन आय 2019-20 की चौथी तिमाही में 3,752.1 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 3,732.8 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष 2019-20 में कंपनी का शुद्ध लाभ 1,176.6 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 1,848.8 करोड़ रुपये था। कंपनी की एकीकृत कुल आय आलोच्य वित्त वर्ष में 14,253.1 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 2018-19 में 13,165.6 करोड़ रुपये थी।

