नई दिल्ली: फेसबुक जैसी दिग्गज कंपनी सहित कई विदेशी कंपनियों के साथ हजारों करोड़ रु का सौदा करने के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज अपनी टेक्नोलॉजी सब्सिडरी कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के लिए एक और बड़ी डील करने की तैयारी में है। मार्केट कैपिटल के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस, जिसके चेयरमैन एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी हैं, अब एक और अमेरिकी तकनीकी दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के साथ बातचीत कर रही है। अगर दोनों पक्षों के बीच डील होती है तो दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की हिस्सेदारी आएगी, जो फेसबुक, केकेआर एंड कंपनी, सिल्वर लेक, विस्टा इक्वल पार्टनर्स सहित बड़े वैश्विक निवेशकों से केवल एक महीने में करीब 10 अरब डॉलर का निवेश हासिल कर चुकी है।
रिपोर्ट के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट डिजिटल भुगतान सेवाओं के सेक्टर में कई कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है, जिनमें रिलायंस भी शामिल है। माइक्रोसॉफ्ट जियो प्लेटफॉर्म्स में 2.5 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी खरीदने में दिलचस्पी रखती है। इसके लिए कंपनी 2 अरब डॉलर का निवेश कर सकती है। हालांकि मामले से जुड़े एक अन्य व्यक्ति के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट ने जियो प्लेटफॉर्म्स में हिस्सेदारी खरीद कर रिलायंस के साथ अपनी साझेदारी को मजबूत करने में दिलचस्पी दिखाई है, मगर इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि ये डील अवश्य ही होगी।

