नई दिल्ली: ऑनलाइन फूड एग्रीगेटर कंपनी जोमैटो झारखंड के बाद अब ओडिशा में शराब की घरों तक आपूर्ति करेगी। कंपनी राज्य में इसकी शुरुआत राजधानी भुवनेश्वर से करने जा रही है। जोमैटो ने एक बयान में कहा कि भुवनेश्वर से शुरू करने के बाद कंपनी राउरकेला, बालेश्वर, संबलपुर और कटक जैसे ओडिशा के दूसरे शहरों में भी घरों तक शराब की डिलीवरी करेगी।
जोमैटो के उपाध्यक्ष राकेश रंजन ने कहा, ‘हम ओडिशा में लोगों को सेवा देकर खुश हैं। वे अब हमसे किराना और खाने के सामान के अलावा शराब के लिए भी जोमैटो मंच का उपयोग कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि कंपनी सुरक्षा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आबकारी विभाग के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही खपत और पहचान सत्यापन व्यवस्था भी तैयार कर रही है, ताकि पात्र व्यक्ति ही इसका ऑर्डर और उसका सेवन कर सके।
रंजन ने सुरक्षित और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए घर तक अल्कोहल पहुंचाने की सेवा शुरू करने में सहयोग को लेकर ओडिशा सरकार और खुदरा शराब उद्योग का आभार जताया। बयान के अनुसार जोमैटो ने शराब की सुरक्षित डिलीवरी को लेकर कई सुरक्षा उपाय तैयार किया है।

