मुंबई: देश में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बीच बिकवाली का जोर रहने से बृहस्पतिवार को बीएसई सेंसेक्स 242 अंक टूट गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9,200 अंक के स्तर से नीचे आ गया।
कारोबारियों ने कहा कि सकारात्मक वैश्विक रुख के बावजूद बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 31,362.87 अंक के दिन के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 242.37 अंक या 0.76 प्रतिशत के नुकसान से 31,443.38 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 71.85 अंक या 0.78 प्रतिशत टूटकर 9,199.05 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में ओएनजीसी के शेयर में सबसे अधिक 4.54 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, कोटक बैंक, टाइटन, भारती एयरटेल और बजाज ऑटो के शेयर भी नुकसान में रहे। एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी के शेयरों में 2.26 प्रतिशत तक की गिरावट आई।
सेंसेक्स के नुकसान में इन दो शेयरों का सबसे अधिक हिस्सा रहा। वहीं दूसरी ओर सेंसेक्स के पांच शेयरों इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक और टेक महिंद्रा में 6.58 प्रतिशत तक का लाभ रहा। रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘मिलेजुले रुख के बीच बाजार नुकसान में रहा। बाजार के सकल रुख के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों के शेयरों में गिरावट आई। हालांकि, कुछ विशेष शेयरों में निवेशकों ने लिवाली की।’’

