नयी दिल्ली: देश की चौथी सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीस का एकीकृत शुद्ध लाभ जनवरी-मार्च तिमाही में 24.3 प्रतिशत बढ़कर 3,154 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इससे पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की इसी तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 2,550 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने कहा कि कोविड-19 संकट की वजह से कुछ के लिये परेशानियां हो सकती हैं। इसमें ग्राहकों का नए प्रोजेक्ट देने में देरी करना और काम के आधार पर बिल का भुगतान इत्यादि शामिल हैं। कंपनी के परिणामों का आकलन भारतीय लेखा मानकों (इंड-एएस) के अनुरूप किया गया है।
कोविड-19 संकट को देखते हुए विप्रो और इंफोसिस जैसी अन्य सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों की राह पर चलते हुए एचसीएल टेक्नोलॉजीस ने भी 2020-21 के लिए आय का अपना कोई अनुमान जारी नहीं किया है। शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि समीक्षावधि में उसकी आय 16.3 प्रतिशत बढ़कर 18,590 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 15,990 करोड़ रुपये था। कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी. विजयकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ काम की मात्रा के आधार पर होने वाले हमारे भुगतान पर असर पड़ा है।

