नयी दिल्ली: वाहन कलपुर्जे बनाने वाले कल्याणी समूह ने मंगलवार को प्रधानमंत्री केयर्स कोष में 25 करोड़ रुपये का दान दिया। सरकार ने यह कोष कोरोना वायरस संकट से निपटने के लिए बनाया है।
इसके अलावा कंपनी वेंटिलेटर, श्वसन में सहायक चिकित्सा उपकरण और अन्य साफ-सफाई से जुड़े जरूरी चिकित्सा उत्पादों के लिए अपने शोध एवं विकास केंद्र के उपयोग को लेकर भी विचार कर रही है।समूह की अन्य कंपनियों में कल्याणी स्टील, सारलोहा एडवांस्ड मटेरियल प्राइवेट लिमिटेड, ऑटोमोटिव एक्ल्स और हिकल लिमिटेड शामिल है।
समूह की भारत फॉर्ज के चेयरमैन बाबा कल्याणी ने एक बयान में कहा, ‘‘ समूह केंद्र और राज्य सरकारों के साथ साथ स्थानीय स्तर पर भी निकायों के साथ मदद करने को प्रतिबद्ध है। ताकि इस महामारी के संकट के समय हर संभव सहायता मुहैया करायी जा सके।’’उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत समूह आने वाले दिशों में स्थानीय समुदायों के खाने-पीने की मदद के प्रयास तेज करेगा।

