मुंबई: वित्तीय सेवा कंपनी इंडियानिवेश ने अपने पोर्टफोलियो प्रबंधनक सेवा (पीएमएस) कारोबार को बंद करने का फैसला किया है। कोरोना वायरस की मार से बाजारों में आई जोरदार गिरावट के मद्देनजर कंपनी को यह कदम उठाना पड़ा है।
कंपनी ने हालांकि स्पष्ट किया है कि वह अपने प्रमुख ब्रोकरेज कारोबार को बंद नहीं कर रही है लेकिन लॉकडाउन की वजह से ग्राहकों को भुगतान का काम पूरा करने में देरी हो सकती है। उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस महामारी फैलने से पिछले कुछ सप्ताह के दौरान शेयर बाजारें में 40 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। हालांकि सरकार की ओर से राहत पैकेज की घोषणा के बाद बाजारों में कुछ सुधार आया है।
कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सेबी के पास पंजीकृत उसकी पीएमएस इकाई इंडियानिवेश इन्वेस्टमेंट मैनेजर प्राइवेट लि. ने कोविड-19 की वजह से पैदा हुई परिस्थितियों की वजह से अपनी मौजूदा रणनीति स्मॉलकैप (स्प्राउट) को बंद करने का फैसला किया है।

