नयी दिल्ली: टीवीएस मोटर कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के लिए दूसरा अंतरिम लाभांश घोषित किया है। कंपनी ने मंगलवार को निदेशक मंडल के निर्णय का हवाला देते हुए कहा कि यह प्रति शेयर 1.40 रुपये की दर से दिया जाएगा।
चेन्नई की इस कंपनी ने शेयर बाजार को दी गयी सूचना में कहा है कि लाभांश का भुगतान 20 मार्च या उसके बाद किया जाएगा। यह उन शेयरधारकों को मिलेगा जिनके नाम 18 मार्च को दिन की समाप्ति पर शेयर दर्ज होगा।
कंपनी के शेयर का अंकित मूल्य एक रुपये है। इस तरह इस लाभांश की दर 140 प्रतिशत बनती है। सूचना के अनुसार यह लाभांश कुल 47,50,87,114 शेयरों पर वितरित किया जाएगा। इस तरह इस पर लाभांश वितरण कर सहित कुल 80 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने पिछले माह 2.1 रुपये प्रति शेयर की दर से पहला अंतरिम लाभांश घोषित किया था।

