नई दिल्ली: अरबिंदो फार्मा के शेयरों में सोमवार को लोअर सर्किट लगा। अमेरिका के ड्रग रेगुलेटर USFDA ने कंपनी की हैदराबाद यूनिट -IV के लिए जो ” वॉलेन्ट्री एक्शन इंडिकेटेड (VAI)” लेटर लॉन्च किया था वह रद्द कर दिया। USFDA ने तीन दिन पहले ही यह लेटर जारी किया था। कंपनी ने कहा है कि जांच अभी चल रही है और इस स्टेटस में बदलाव आ सकता है। अरबिंदो फार्मा के शेयर 15.55 फीसदी गिरकर 506.55 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं।
बुधवार को दिग्गज दवा कंपनी अरबिंदो फार्मा को US ड्रग रेगुलेटर से एस्टैब्लिशमेंट इंसपेक्शन रिपोर्ट के साथ वॉलेन्ट्री एक्शन इनिशिएटेड (VAI) मिली थी। रेगुलेटर ने कंपनी के हैदराबाद प्लांट के यूनिट-4 की जांच खत्म करके ये लेटर जारी किया था। लेकिन तीन दिनों बाद ही ये लेटर रद्द कर दिया गया।
हैदराबाद का यूनिट-IV कंपनी का अहम स्टरलाइ यूनिट है। फिस्कल ईयर 2020 की अनुमानित सेल्स में इस दवा की हिस्सेदारी 10 फीसदी यानी 17 करोड़ डॉलर रह सकती है। कंपनी की कई फाइलिंग अभी लंबित हैं।
ब्रोकरेज फर्म को शेयरों में बड़ी गिरावट का अनुमान है क्योंकि VAI के ऐलान के बाद इसके शेयरों में 20 फीसदी की तेजी आई थी। ब्रोकरेज फर्म की रिपोर्ट के मुताबिक, “कंपनी के शेयर फिर 540 रुपए के फेयर वैल्यू पर आ गए हैं। VAI के ऐलान के बाद कंपनी के शेयर 20 फीसदी चढ़कर 620 रुपए तक पहुंच गए थे।”
दिसंबर तिमाही में अरबिंदो फार्मा के नेट प्रॉफिट में 1 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 705.3 करोड़ रुपए रहे। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 712.2 करोड़ रुपए था। इस दौरान कंपनी की आमदनी 12 फीसदी बढ़कर 5895 करोड़ रुपए रही। फिस्कल ईयर 2019 की तीसरी तिमाही में यह 5269.7 करोड़ रुपए थी।

