नई दिल्ली: डी मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी मुकेश अंबानी के बाद देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलिनेयर इंडेक्स में उन्होंने शिव नडार, उदय कोटक, गौतण अडाणी जैसे बिजनसमैन को पीछे छोड़ दिया है। उनकी कुल संपत्ति 17.9 अरब डॉलर है।
14 फरवरी को राधाकिशन दमानी की संपत्ति में कुल 96 मिलियन डॉलर (675 करोड़) का इजाफा हुआ। मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 57.9 अरब डॉलर है। बता दें, दमानी परिवार ने एवेन्यू सुपरमार्ट में 2.28 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का ऐलान किया। शुक्रवार को कंपनी के शेयर का भाव ऑल टाइम हाई 2599 रुपये पर पहुंच गया था।
लक्ष्मी मित्तल की कुल संपत्ति 13.10 अरब डॉलर, गौतम अडाणी की कुल संपत्ति 10.90 अरब डॉलर और सुनील मित्तल की कुल संपत्ति 9.62 अरब डॉलर है।
एवेन्यू सुपरमार्ट 21 मार्च 2017 को लिस्टेड हुई थी और उस समय कंपनी का मार्केट कैप 39988 करोड़ था। 14 फरवरी को कंपनी का मार्केट कैप 1.60 लाख करोड़ पर पहुंच गया था। पिछले तीन सालों में कंपनी के शेयर में 290% की वृद्धि दर्ज की जा चुकी है।
इस साल अब तक कंपनी का शेयर 35% उछल चुका है। अगर किसी निवेशक ने मार्च 2017 में कंपनी का आईपीओ आने के दौरान इसका 1 लाख करोड़ रुपये का शेयर खरीदा होता तो सोमवार को उसकी वैल्यू 8.31 लाख करोड़ होती।

