सपाट शुरुआत के बाद आज शेयर बाजार में फिर तेजी का रुख रहा। बाजार खुलते समय सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में खुलने के बाद लाल निशान में फिसल गए, लेकिन जल्द ही बाजार में रिकवरी दिखने लगी। सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 152 अंकों की बढ़त के साथ 81,660 अंकों पर कारोबार कर रहा है। वहीं, एनएसई निफ्टी 41 अंकों की बढ़त के साथ 24,660.05 पर कारोबार कर रहा है।
एचसीएल टेक, टाटा मोटर्स, बजाज फाइनेंस, आईटीसी आदि शेयरों में तेजी है। आपको बता दें कि सोमवार को स्थानीय शेयर बाजार में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 200 अंक से अधिक नुकसान में रहा। वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुझानों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली से बाजार में गिरावट आई।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 200.66 अंक की गिरावट के साथ 81,508.46 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 58.80 अंक फिसलकर 24,619 अंक पर बंद हुआ। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, पश्चिम एशिया में तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। इसके अलावा इस सप्ताह भारत और अमेरिका में खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने हैं और यूरोपीय केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति पर बैठक होनी है। इसके चलते निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया है।

