मिल्क प्रोडक्ट से आगे बढ़ते हुए मदर डेयरी अब ऑर्गेनिक उत्पाद बेचने की तैयारी कर रही है, जिसमें आटा और गुड़ जैसे उत्पाद शामिल होंगे। कंपनी ने बताया कि उसने दिल्ली-एनसीआर में भारत ऑर्गेनिक्स ब्रांड के तहत एनसीओएल के ऑर्गेनिक उत्पादों को बेचने के लिए नेशनल कोऑपरेटिव ऑर्गेनिक्स लिमिटेड के साथ समझौता किया है। इस समझौते के मुताबिक मदर डेयरी फिलहाल सिर्फ ऑर्गेनिक गुड़ और आटा बेचेगी। कंपनी इसकी शुरुआत दिल्ली एनसीआर के बाजारों से करेगी।
इस डील के तहत मदर डेयरी अपने नेटवर्क के जरिए एनसीआर में भारत ब्रांड ऑर्गेनिक्स उत्पादों की सप्लाई करेगी, जिसमें भारत ऑर्गेनिक्स आटा और भारत ऑर्गेनिक गुड़ की बिक्री शुरू हो गई है। मदर डेयरी के साथ डील साइन करने के बाद एनसीओएल प्रमुख ने कहा कि आटा और गुड़ बेचना अभी शुरुआत है। हमारा लक्ष्य लोगों को किफायती दामों पर ढेर सारे जैविक उत्पाद उपलब्ध कराना है। हम रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले उत्पादों की बिक्री बढ़ाएंगे, ताकि ये जैविक किसान मुनाफा कमा सकें।
भारत ऑर्गेनिक्स गुड़ और आटा दिल्ली एनसीआर में 300 स्टोर और करीब 10 हजार दुकानों के साथ-साथ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी बेचा जाएगा। मदर डेयरी धारा ब्रांड के साथ मिलकर फल और सब्जियां भी बेचती है। वहीं, एनसीओएल एक बहु-राज्य सहकारी समिति है, जिसे एनडीडीबी, नैफेड, एनसीडीसी, जीसीएमएमएफ लिमिटेड और एनसीसीएफ से सहयोग मिला है।

