होम लोन लेते समय कई सावधानियां बरतनी पड़ती हैं, आपकी किस्तें पूरी हो गई हैं या फिर आप अपना लोन बंद करना चाहते हैं तो कुछ बातों पर ध्यान देना बहुत जरूरी है। अगर आप लापरवाही बरतते हैं तो आपके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है। यहाँ हम आपको बताने जा रहे हैं कि बैंक का पूरा लोन चुकाने के बाद या लोन को बंद करने के समय आपको कौन-कौन से दस्तावेज ले जाने होंगे।
लोन देते समय बैंक आपके द्वारा खरीदी गई प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री रख लेते हैं। लोन पूरा चुकाने के बाद यह आपको दे दी जाती है। लेकिन ठहरिये, सिर्फ रजिस्ट्री के पेपर ही नहीं, दो और दस्तावेज़ हैं जिन्हें आपको लेना होता है, ये बहुत ज़रूरी होते हैं , इनमें से पहला दस्तावेज है अनापत्ति प्रमाणपत्र और दूसरा है एन्कम्ब्रेंस सर्टिफिकेट। बैंक से मिलने वाला यह सर्टिफिकेट दरअसल इस बात का सबसे बड़ा सबूत है कि आपने बैंक का पूरा लोन चुका दिया है और अब आप पर कोई बकाया राशि नहीं है। एनओसी लेते समय दस्तावेज पर चेक करें कि लोन बंद होने की तारीख, रजिस्ट्री के अनुसार आपका नाम, बैंक अकाउंट डिटेल, लोन से जुड़ी सभी जानकारियां और आपकी प्रॉपर्टी की डिटेल सही भरी गई है या नहीं। अगर कहीं पर कोई त्रुटि है तो बैंक अधिकारी से बात करके उसे सही करवा लें।
एन्कम्ब्रेंस सर्टिफिकेट आपको लोन बंद होने के बाद रजिस्ट्रार ऑफिस से लेना होता है। यह दस्तावेज इस बात की पुष्टि करता है कि अब आपकी प्रॉपर्टी पर किसी भी तरह की कोई देनदारी नहीं है। आपके पास यह महत्वपूर्ण दस्तावेज होना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि जब आप अपनी प्रॉपर्टी बेचते हैं तो आपको इसे खरीदने वाले पक्ष को दिखाना होता है। ऐसे में लोन बंद करने के साथ ही यह एन्कम्ब्रेंस सर्टिफिकेट जरूर ले लें। यह सर्टिफिकेट भविष्य में आपको लोन दिलाने में भी मददगार साबित हो सकता है।

