आरबीआई ने मंगलवार को सरकारी प्रतिभूति (बांड) बाजार में खुदरा निवेशकों की भागीदारी के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च किया गया है। वहीं दूसरी तरफ सरल ऑनलाइन आवेदन के लिए ‘प्रवाह’ पोर्टल लॉन्च किया गया।
केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा कि यह पोर्टल रिजर्व बैंक द्वारा नियामकीय मंजूरियां देने से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं को आसान बनाएगा। इसके अलावा आरबीआई ने ‘फिनटेक रिपोजिटरी’ पहल की है। RBI गवर्नर द्वारा शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य फिनटेक कंपनियों के डेटा को स्टोर करना और उचित नीति दृष्टिकोण तैयार करने की सुविधा प्रदान करना है। ‘प्रवाह’ पोर्टल एक सुरक्षित और केंद्रीकृत वेब-आधारित प्लेटफॉर्म है। यह किसी भी व्यक्ति या संस्था के लिए रिजर्व बैंक से संबंधित मामलों में मंजूरी, लाइसेंस या विनियामक मंजूरी प्राप्त करने का एक मंच है।
बयान में पोर्टल की विशेषताओं को साझा करते हुए आरबीआई ने कहा कि विभिन्न विनियामक और निगरानी विभागों से संबंधित 60 आवेदन ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। संबंधित संस्था पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देख सकती है। साथ ही आरबीआई किसी आवेदन से संबंधित निर्णय समय पर भेज सकता है। इसने कहा कि जरूरत पड़ने पर और आवेदन पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद और बिक्री से संबंधित ‘रिटेल डायरेक्ट’ मोबाइल ऐप के बारे में बयान में कहा गया है कि इसके जरिए खुदरा निवेशक अब अपने स्मार्टफोन पर मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करके सरकारी प्रतिभूतियों की खरीद और बिक्री कर सकते हैं।
मोबाइल ऐप को एंड्रॉइड यूजर्स के लिए ‘प्ले स्टोर’ और आईओएस यूजर्स के लिए ‘ऐप स्टोर’ से डाउनलोड किया जा सकता है। वर्तमान में, ‘रिटेल डायरेक्ट’ पोर्टल खुदरा निवेशकों को भारतीय रिजर्व बैंक के साथ खुदरा प्रत्यक्ष सरकारी प्रतिभूति खाते खोलने की सुविधा प्रदान करता है। यह सुविधा रिटेल डायरेक्ट योजना के तहत प्रदान की गई है।

