Foreign Exchange Reserves अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। 5 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में 2.98 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस बढ़ोतरी के साथ देश का विदेशी मुद्रा भंडार 648.56 अरब डॉलर के नए सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. भारतीय रिजर्व बैंक ने शुक्रवार, 12 अप्रैल 2024 को विदेशी मुद्रा भंडार का यह डेटा जारी किया है।
पिछले कारोबारी सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 अरब डॉलर हो गया था, जो उस समय तक का सर्वकालिक उच्चतम स्तर था. इससे पहले सितंबर 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 642.45 अरब डॉलर था, जो अब तक का उच्चतम स्तर था।
भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 5 अप्रैल को समाप्त सप्ताह में मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा संपत्ति 549 करोड़ डॉलर बढ़कर 571.17 अरब डॉलर हो गई. डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में उतार-चढ़ाव का प्रभाव शामिल होता है।
रिजर्व बैंक ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.39 अरब डॉलर बढ़कर 54.56 अरब डॉलर हो गया. रिजर्व बैंक ने कहा कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 24 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया. रिजर्व बैंक के अनुसार, समीक्षाधीन सप्ताह में आईएमएफ में भारत की आरक्षित जमा राशि भी 90 लाख डॉलर बढ़कर 4.669 अरब डॉलर हो गई।

