Citreon, Jeep, Opel और FIAT ब्रांड के तहत वाहन बनाने वाली अग्रणी वैश्विक कंपनी Stellantis ने भारत को अपना इलेक्ट्रिक वाहन (EV) निर्यात केंद्र बनाने की घोषणा की है। स्टेलेंटिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कंपनी ने शुरुआत में दक्षिण-एशियाई बाजारों को लक्षित किया है।
स्टेलेंटिस इंडिया ने गुरुवार को इलेक्ट्रिक कारों का निर्यात भी शुरू कर दिया है। कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उसने अपनी ‘मेड इन इंडिया’ ‘E-C3’ इलेक्ट्रिक कार को इंडोनेशिया में 500 यूनिट्स के एक्सपोर्ट के साथ एक्सपोर्ट करना शुरू कर दिया है।
स्टेलंटिस इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक आदित्य जयराज के मुताबिक यह उपलब्धि (ईवी निर्यात) हासिल करने वाली भारत में पहले बहुराष्ट्रीय ओईएम (मूल उपकरण निर्माता) होगी। कंपनी ने कहा कि ये तो एक शुरूआत है। इसे वहां से आगे ले जाने की योजना है. कंपनी ने e-C3 का निर्यात शुरू करने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हम सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं.
स्टेलेंटिस ग्रुप दुनिया का जाना-माना ऑटोमोटिव ग्रुप है। कंपनी का गठन 2021 में इतालवी-अमेरिकी कंपनी फिएट क्रिसलर ऑटोमोबाइल्स और फ्रेंच पीएसए ग्रुप के विलय से हुआ था। ऑटोमोबाइल में, कंपनी के पास अबार्थ, अल्फा रोमियो, क्रिसलर, सिट्रोएन, डॉज, डीएस, फिएट, जीप, लैंसिया, मासेराती, ओपल, प्यूज़ो, रैम और वॉक्सहॉल जैसे ब्रांड हैं। कंपनी की गिनती दुनिया की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों में होती है।

