सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया (BOI) ने मंगलवार को नए होम लोन पर ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की। बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया में होम लोन पर शुरुआती ब्याज दर 0.15 फीसदी कम की गई है और इसके बाद यह 8.30 फीसदी पर आ गई है.
बैंक की ओर से बताया गया है कि ब्याज दरों में कटौती सीमित अवधि के लिए है. ग्राहक 31 मार्च तक होम लोन लेकर बैंक के इस ऑफर का फायदा उठा सकते हैं. बैंक ऑफ इंडिया के इस ऑफर की खास बात यह है कि अगर कोई ग्राहक इस अवधि के दौरान होम लोन लेता है तो उसे प्रोसेसिंग फीस भी नहीं देनी होगी। 30 साल के होम लोन पर ब्याज दर में कटौती के बाद मासिक किस्त (EMI) 755 रुपये प्रति माह होगी।
बैंक ने कहा कि फिलहाल होम लोन पर 8.3 फीसदी की ब्याज दर उसके प्रतिस्पर्धियों के बीच इस श्रेणी में सबसे कम दर है. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और HDFC बैंक जैसे अग्रणी बैंकों में होम लोन पर न्यूनतम ब्याज दर 8.4 प्रतिशत है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए बैंक ऑफ इंडिया ने भी सस्ती ब्याज दर पर लोन दिया है. अगर कोई ग्राहक इस योजना के तहत लोन के लिए आवेदन करता है तो उसे 7 फीसदी की ब्याज दर पर लोन दिया जाएगा.

