कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय ने जांच शुरू कर दी है। यह जांच आयातित हिस्से के गलत एचएसएन (हार्मोनाइज्ड सिस्टम ऑफ नॉमेनक्लेचर) कोड को लेकर की जा रही है। मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजार को सूचित किया कि उसे राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की हैदराबाद इकाई से 20 फरवरी 2024 को पूछताछ के संबंध में एक पत्र मिला है.
कंपनी ने बुधवार को जानकारी दी कि राजस्व खुफिया निदेशालय की ओर से एक आयातित हिस्से के गलत एचएसएन (हार्मोनाइज्ड सिस्टम ऑफ नॉमेनक्लेचर) कोड के लिए उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है. कंपनी के अनुसार, जांच करने पर पता चला कि आयातित वस्तु ‘शाफ्ट अस्सी प्रोपेलर’ को डब्ल्यूसीओ के व्याख्यात्मक नोटों के अनुसार गलत एचएसएन कोड के तहत आयात किया गया था। साथ ही, कुछ मोटर वाहन पार्ट्स पर 18 प्रतिशत की दर से IGST का भुगतान किया गया है, जबकि सही IGST 28 प्रतिशत है।
मारुति सुजुकी ने कहा कि वह उचित जवाब दाखिल करेगी. कंपनी ने कहा है कि राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) द्वारा की गई इस जांच से उसकी वित्तीय, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ेगा। मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर आज पिछले दिन के मुकाबले मामूली बढ़त के साथ 11,450.0 रुपये पर बंद हुआ। बता दें कि वाणिज्यिक वाहन रेंज, मारुति सुजुकी टूर रेंज भारत में 5 लाख बिक्री के ऐतिहासिक मील के पत्थर तक पहुंच गई है। देश की टॉप 10 बिकने वाली कारों में मारुति सुजुकी के मॉडलों की संख्या सबसे ज्यादा है। कंपनी का इरादा अपने पोर्टफोलियो को लगातार और मजबूत करने का है।

