फिनटेक कंपनी Paytm के शेयर ने बुधवार को फिर गोता लगाया है। बाजार खुलते ही स्टॉक 9 फीसदी से ज्यादा गिर गया। खबर लिखे जाने तक शेयर लगभग 9 फीसदी की गिरावट के साथ अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 344.20 रुपये पर कारोबार कर रहा था.
आरबीआई द्वारा पेटीएम पेमेंट बैंक पर प्रतिबंध के बाद पेटीएम के शेयरों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। ताजा बिक्री का कारण ईडी द्वारा पेटीएम पेमेंट बैंक की जांच शुरू करना माना जा रहा है। ईडी मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है. फिलहाल पेटीएम पेमेंट बैंक ईडी और RBI की जांच के दायरे में है। बता दें कि शेयर बाजार भी आज बड़ी गिरावट में खुला था हालाँकि अब उसमें काफी रिकवरी भी आ चुकी है, फिर भी सेंसेक्स खबर लिखे जाने तक 300 अंक नीचे कारोबार करता नज़र आ रहा है.
Paytm के शेयरों में गिरावट पर बोनांजा पोर्टफोलियो के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट राजेश सिन्हा बाजार के जानकारों का कहना है कि केंद्रीय बैंक की कार्रवाई के बाद Paytm के शेयरों को लेकर लगातार नकारात्मक खबरें आ रही हैं. कई शोध फर्मों द्वारा लक्ष्य मूल्य भी कम कर दिया गया है। जब तक प्रबंधन इस समस्या का समाधान नहीं ढूंढता, पेटीएम के शेयर में गिरावट जारी रह सकती है। 1 फरवरी से पेटीएम के शेयरों में गिरावट देखी जा रही है। इस महीने की शुरुआत में शेयर की कीमत लगभग 761 रुपये प्रति शेयर थी जो अब लगभग आधी होकर 344 रुपये प्रति शेयर हो गई है। बता दें, पेटीएम इस वक्त घाटे में है।

