पेटीएम के निवेशकों के लिए लगातार नकारात्मक खबरें आ रही हैं। अब पेटीएम को ब्रोकरेज हाउस मैक्वेरी ने डाउनग्रेड कर दिया है और कहा कि कंपनी फिलहाल अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है. इसी वजह से ब्रोकरेज फर्म ने पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस का टारगेट प्राइस 58 फीसदी (375 रुपये) घटाकर 275 रुपये कर दिया है। इसी ब्रोकरेज फर्म ने पहले इसका टारगेट प्राइस 650 रुपये तय किया था।
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि हमें लगता है कि आने वाले वर्षों में भुगतान और वितरण से कंपनी की आय में बड़ी गिरावट आ सकती है। वर्तमान में, Paytm के 33 करोड़ से अधिक ग्राहक और 11 करोड़ मासिक लेनदेन हैं। वहीं कंपनी के पास एक करोड़ से ज्यादा व्यापारी हैं। ब्रोकरेज हाउस की ओर से कहा गया कि पेटीएम के मर्चेंट अकाउंट को किसी दूसरे बैंक में शिफ्ट करना आसान नहीं होगा. इसके लिए दोबारा KYC की जरूरत होगी. इसमें भी 29 फरवरी की समय सीमा एक बड़ी बाधा है.
रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड को 29 फरवरी, 2024 के बाद किसी भी ग्राहक खाते, प्रीपेड इंस्ट्रूमेंट, वॉलेट और फास्टैग में जमा या टॉप-अप स्वीकार नहीं करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय बैंक ने इससे पहले 11 मार्च, 2022 को पीपीबीएल को तत्काल प्रभाव से नए ग्राहक जोड़ने से रोक दिया था. पेटीएम वॉलेट ग्राहक इसका इस्तेमाल तब तक कर सकते हैं जब तक उनका बैलेंस खत्म न हो जाए। 29 फरवरी के बाद वे इसमें पैसे नहीं डाल पाएंगे।

