भारतीय रिजर्व बैंक ने जय प्रकाश नारायण नागरी सहकारी बैंक बासमतनगर, महाराष्ट्र के लाइसेंस को रद्द कर दिया है। बैंक की मौजूदा वित्तीय हालत को देखते हुए मंगलवार को केंद्रीय बैंक ने इसका लाइसेंस रद्द कर दिया. रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया के मुताबिक, मौजूदा हालात में यह कोओपरेटिव बैंक अपने डेपोसिटर्स को पूरा भुगतान करने में असमर्थ होगा। लाइसेंस रद्द होने के बाद जय प्रकाश नारायण नागरी सहकारी बैंक को ‘बैंकिंग’ कारोबार से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसमें फौरी तौर से जमा को स्वीकारना और जमा का पुनर्भुगतान भी शामिल है।
केंद्रीय बैंक ने अपने बयान में कहा कि महाराष्ट्र के सहकारिता आयुक्त और सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार से इस बैंक को बंद करने और एक परिसमापक नियुक्त करने का आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया है। किसी सहकारी बैंक के परिसमापन पर उसका प्रत्येक जमाकर्ता जमा बीमा और क्रेडिट गारंटी निगम (DICGC) से 5 लाख रुपये तक का जमा बीमा दावा प्राप्त करने का हकदार होगा। रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने कहा कि जय प्रकाश नारायण नागरी सहकारी बैंक द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, लगभग 99.78 प्रतिशत जमाकर्ता DICGC से अपनी जमा राशि की पूरी राशि प्राप्त करने के हकदार हैं।
RBI ने कहा, ”जय प्रकाश नारायण नागरी सहकारी बैंक के पास पर्याप्त पूंजी और कमाई की क्षमता नहीं है। ऐसे में बैंक अपने जमाकर्ताओं को पूरा भुगतान नहीं कर पाएगा. केंद्रीय बैंक ने 6 फरवरी, 2024 को कारोबार की समाप्ति से बैंक का लाइसेंस यह कहते हुए रद्द कर दिया कि जय प्रकाश नारायण नागरी सहकारी बैंक का अस्तित्व इसके जमाकर्ताओं के हितों के लिए हानिकारक है।

