कुछ ही घंटों में नया साल शुरू हो जाएगा ऐसे में नए साल में शेयर बाजार को लेकर जो बड़ा अपडेट सामने आया है वो शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बहुत काम का हो सकता है। आमतौर पर शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है लेकिन साल 2024 में शेयर बाजार 20 जनवरी को भी कारोबार के लिए खुला रहेगा वो इसलिए क्योंकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने आपदा रिकवरी साइट पर स्विच करने के लिए 2 विशेष लाइव सेशन आयोजित किए हैं। ये लाइव सेशन 20 जनवरी 2024 यानी शनिवार के दिन होने वाला है. पहला सत्र सुबह 9:15 बजे शुरू होगा और दूसरा सत्र सुबह 11:30 बजे शुरू होगा.
नए साल में इस ट्रेडिंग सत्र के माध्यम से स्टॉक एक्सचेंज डिजास्टर रिकवरी साइट का परीक्षण किया जाएगा। इसका मकसद विपरीत परिस्थितियों में भी बिना किसी रुकावट या बाधा के व्यापार जारी रखना है। किसी भी साइबर हमले, सर्वर क्रैश या अन्य विपरीत परिस्थितियों में डिजास्टर रिकवरी साइट पर ट्रेडिंग की जा सकती है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने इस संबंध में एक सर्कुलर भी जारी किया है। इसमें ट्रेडिंग सेशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है.
NSE के सर्कुलर के मुताबिक सुबह 9 बजे से 9.08 बजे तक प्री-ओपन सेशन होगा. इसके बाद सुबह 9.15 बजे शेयर बाजार खुलेगा जो 10 बजे बंद हो जाएगा. इस अवधि के दौरान प्राथमिक वेबसाइट पर कारोबार होगा। इसके बाद दूसरा विशेष लाइव ट्रेडिंग सत्र डिजास्टर रिकवरी साइट पर होगा। इस दूसरे विशेष लाइव सेशन में प्री-ओपन सेशन सुबह 11:15 बजे शुरू होगा जो 15 चलेगा और 11:30 बजे बंद हो जाएगा. सामान्य बाजार सुबह 11.30 बजे खुलेगा और दोपहर 12:30 बजे बंद हो जाएगा जबकि प्री क्लोजिंग सेशन दोपहर 12:40 बजे से 12:50 बजे तक होगा.

