दिन ब दिन नयी ऊंचाइयां छूता भारतीय शेयर बाज़ार आज धड़ाम से गिर गया. बाजार खुलने के बाद दिनभर लिवाली के मूड में दिखा लेकिन आखरी दो घंटों बाजार ने पलटा खाया और नीचे की ओर गिरने लगा. धीरे धीरे ये गिरावट गहरी होती चली गयी और सेंसेक्स में एक हज़ार से ज़्यादा अंकों की गिरावट आ गयी। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 70,302 अंक तक गिर गया था. यह 1.30 फीसदी यानी 930 अंक गिरकर 70,506 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी भी 1.41 फीसदी यानी 302 अंक की भारी गिरावट के साथ 21,150 पर बंद हुआ. बाजार मूल्यांकन और अधिक खरीदारी के संकेतों पर चिंताओं के बीच निवेशकों ने मुनाफावसूली की है।
निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली. दोनों में 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए. ऑटो, मीडिया, मेटल, पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। अदानी पोर्ट्स और अदानी एंटरप्राइजेज करीब 6 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, टाटा स्टील में 5 फीसदी की गिरावट आई। एसबीआई और टाटा मोटर्स में भी 3 प्रतिशत की गिरावट आई। जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली.
रिलायंस पावर के शेयर आज 10 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। आईआरएफसी और आईआरसीटीसी करीब 7-8 फीसदी गिरे. वहीं, यस बैंक और वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 6-7 फीसदी की गिरावट देखी गई। प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो निफ्टी में आज की गिरावट 26 अक्टूबर के बाद सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट है. पिछले एक महीने में निफ्टी 1400 अंक यानी 7.2 फीसदी बढ़ा है. निफ्टी के लिए नवंबर 2023 का सबसे अच्छा महीना रहा।

