भारती एयरटेल ने देश में एयरटेल अनलिमिटेड 5जी डेटा पॉलिसी की नियम और शर्तें स्पष्ट कर दी हैं। बता दें कि TRAI ने टेलीकॉम कंपनियों, Jio और Airtel को अपनी 5G असीमित सेवा नीति को स्पष्ट रूप से परिभाषित करने का निर्देश दिया था जिसके बाद एयरटेल ने अपनी 5G अनलिमिटेड सर्विस को लेकर दिए गए स्पष्टीकरण में कहा है कि 5G अनलिमिटेड डेटा एयरटेल यूजर्स को कुछ शर्तों के साथ कॉम्प्लिमेंट्री बेनिफिट के तौर पर दिया जाता है।
एयरटेल ने आगे कहा कि यह सेवा केवल व्यक्तिगत उपयोग और गैर-व्यावसायिक उपयोग के लिए है, इसका किसी भी तरह से व्यावसायिक उपयोग नहीं किया जा सकता जिसके लिए कंपनी प्रति माह (30 दिनों के लिए) 300GB तक की सीमा तय करती है। इसके ऊपर यदि कोई उपभोक्ता इसका उपयोग करता है तो इसे व्यावसायिक उपयोग माना जाएगा।
बता दें कि वोडाफोन आइडिया ने टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया से शिकायत में कहा था कि जियो और एयरटेल अपनी 5G सर्विस की कीमत तय करें जिसके बाद TRAI के निर्देश पर एयरटेल ने अपनी 5G पॉलिसी को लेकर यह अपडेट जारी किया है. एयरटेल ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए अपनी वेबसाइट पर पॉलिसी को स्पष्ट किया है जिसके मुताबिक, ”अनलिमिटेड 5G डेटा एयरटेल यूजर्स के लिए एक इंट्रोडक्टरी ऑफर है जिसके तहत यूजर्स 5G की पावर का अनुभव कर सकते हैं।” “जिन users के पास 5G स्मार्ट फोन्स हैं और वे एयरटेल 5G प्लस नेटवर्क से जुड़े हैं, वे पात्र प्रीपेड योजनाओं के तहत असीमित 5G सेवा का लाभ उठा सकते हैं।”
बता दें कि अनलिमिटेड 5G डेटा ऑफर करने वाले एयरटेल प्लान की शुरुआत 239 रुपये से होती है। एयरटेल के मुताबिक इससे ऊपर के सभी प्रीपेड प्लान में ग्राहक अनलिमिटेड 5G सर्विस के लिए दावा कर सकते हैं और सर्विस का अनुभव ले सकते हैं। गौरतलब है कि एयरटेल ने अक्टूबर 2022 में अपनी 5G सेवाएं शुरू कीं थीं।

