Mindtree ने मंगलवार को जून तिमाही नतीजे जारी किए हैं। फिस्कल ईयर 2022 की पहली तिमाही में IT कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर 61 फीसदी बढ़कर 343.3 करोड़ रुपए रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 213 करोड़ रुपए था। अगर तिमाही दर तिमाही आधार पर देखें तो कंपनी का नेट प्रॉफिट 8 फीसदी बढ़ा है।
कंपनी को अपने कामकाज से 2,291.7 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। यह पिछले साल की इसी तिमाही से 20 फीसदी ज्यादा है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी की आमदनी 1908,8 करोड़ रुपए थी।
डॉलर में अगर कंपनी की आमदनी देखें तो यह तिमाही दर तिमाही आधार पर 7.7 फीसदी बढ़कर 31.05 करोड़ डॉलर रही। साल-दर-साल आधार पर यह 22.6 फीसदी बढ़ा है। माइंडट्री ने कहा कि 30 जून 2021 तक उसके 260 एक्टिव क्लाइंट हैं। कंपनी का ऑर्डर बुक 50 करोड़ डॉलर रहा। तिमाही दर तिमाही आधार कंपनी के ऑर्डर बुक की ग्रोथ 34.2 फीसदी रही।

