मुंबई में आधारित सुरक्षा ग्रुप को बुधवार को कर्ज में दबी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड (JIL) को टेकओवर करने के लिए फाइनेंशियल क्रेडिटर्स और घर खरीदारों की मंजूरी मिल गई है. जेपी इंफ्राटेक के अधिग्रहण के लिए सरकारी कंपनी NBCC और मुंबई की निजी रियल एस्टेट डेवलपर सुरक्षा ग्रुप के बीच मुकाबला था. NBCC और सुरक्षा ग्रुप द्वारा सबमिट टेकओवर के प्रस्तावों पर 10 दिन लंबी वोटिंग प्रक्रिया बुधवार दोपहर को खत्म हुई. इसमें निजी कंपनी सुरक्षा ग्रुप ने सरकारी कंपनी NBCC को फोटो फिनिश में मात दे दी. सुरक्षा ग्रुप को 98.66 फीसदी वोट मिले.
JIL के अंतरिम रेजोल्यूशन प्रोफेशनल (IRP) अनुज जैन ने कहा कि यह JIL के लिए खरीदार खोजने की बोली लगाने की प्रक्रिया का चौथा दौर है. JIL अगस्त 2017 में कॉरपोरेट इंसोलवेंसी रेजोल्यूशन प्रोसेस (CIRP) में चली गई थी. उन्होंने कहा कि सुरक्षा ग्रुप ने बोली को 98.66 फीसदी वोटों के साथ जीत लिया है. उन्होंने आगे कहा कि उसे NBCC से 0.12 फीसदी ज्यादा मत मिले थे.
इस सफल रेजोल्यूशन से रियल्टी डेवलपर द्वारा नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लॉन्च किए गए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में 20 हजार से ज्यादा खरीदारों को बड़ी राहत मिलेगी. कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स (CoC) में 12 बैंकों और 20 हजार से ज्यादा घर खरीदारों के पास वोटिंग के अधिकार हैं. घर खरीदार और क्रेडिटर्स के पास क्रमश: 56.63 फीसदी और 43.25 फीसदी वोटिंग राइट्स हैं. फिक्स्ड डिपॉजिट होल्डर्स के पास 0.13 फीसदी वोटिंग राइट्स हैं.

