मुंबई: अरबपति मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 57 मिलियन पाउंड (लगभग 592 करोड़ रुपये) में ब्रिटेन के आईकॉनिक कंट्री क्लब और लग्जरी गोल्फ रिसॉर्ट स्टोक पार्क को खरीद लिया है. पिछले 4 साल रिलायंस ने 330 करोड़ डॉलर के अधिग्रहण का एलान किया है, जिसमें रिटेल सेक्टर में 14 फीसदी, टेक्नोलॉजी, मीडिया और टेलिकॉम (TMT) सेक्टर में 80 फीसदी और ऊर्जा में 6 फीसदी अधिग्रहण शामिल है.
फर्म द्वारा जानकारी दी गई है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रियल इंवेस्टमेंट्स एंड होल्डिंग्स लिमिटेड (RIIHL) द्वारा 22 अप्रैल, 2021 को यूनाइटेड किंगडम स्थिति कंपनी स्टोक पार्क लिमिटेड की पूरी जारी शेयर पूंजी का अधिग्रहण 57 मिलियन डॉलर यानी 592 करोड़ रुपये में किया है.
स्टोक पार्क लिमिटेड बकिंघमशायर के स्टोक पोजेज में स्पोर्टिंग और लीजर फैसिलिटी को ओन और मैनेज करता है. स्टोक पार्क में लग्जरी स्पा, होटल, गोल्फ कोर्स और कंट्री क्लब है. स्टोक पार्क, ब्रिटेन के बंकिंघमशायर में 300 एकड़ में फैला हुआ है. सुविधाओं में एक होटल, कांफ्रेंस की सुविधाएं, खेल सुविधाएं और यूरोप में हाई रेटेड गोल्फ कोर्स शामिल हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज का कहना है कि अब RIIHL की योजना इस विरासत स्थल पर खेल और आराम की सुविधाओं को और बढ़ाने की है जो पूरी तरह से स्थानीय नियमों और गाइडलाइंस का पालन करते हुए किया जाएगा. इस अधिग्रहण से रिलांस को कंज्यूमर और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अपनी पैठ बनाने में मदद मिलेगी.

