देश के औद्योगिक उत्पादन में सितंबर माह के दौरान सकारात्मक रुख दिखाई दिया. खनन और बिजली उत्पादन क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन से सितंबर महीने में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 0.2 फीसदी की मामूली ही सही लेकिन वृद्धि रही. औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के ताजा आंकड़े के अनुसार मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के उत्पादन में 0.6 फीसदी की गिरावट रही. हालांकि खनन और बिजली सेगमेंट में उत्पादन में क्रमश: 1.4 फीसदी और 4.9 फीसदी की वृद्धि हुई.
आईआईपी के पिछले साल सितंबर के आंकड़े को यदि देखा जाये तो इसमें 4.6 फीसदी की गिरावट आयी थी. सांख्यिकी और कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘लॉकडाउन’ से जुड़ी पाबंदियों में ढील के साथ आर्थिक गतिविधियों में अपेक्षाकृत सुधार हुआ है. इसके साथ डेटा कलेक्शन की स्थिति भी बेहतर हुई है. मंत्रालय ने यह भी कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद के महीनों के आईआईपी आंकड़ों की तुलना महामारी वाले महीनों से करना उपयुक्त नहीं है.

