महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मंगलवार को कहा कि उसकी नई एसयूवी थार को बुकिंग शुरू होने के चार दिन के भीतर ही 9,000 बुकिंग मिल गई हैं. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, पहले चरण में देश के 18 शहरों में ही उसकी बुकिंग शुरू हुई है. इन शहरों में एसयूवी की टेस्ट ड्राइविंग और डेमो प्रदर्शन की भी सुविधा उपलब्ध है.
महिंद्रा एंड महिंद्रा के आटोमोटिव डिवीजन के सीईओ वीजे नाकरा ने कहा, ‘‘एसयूवी के लिए टेस्ट ड्राइव सुविधा केवल 18 शहरों में ही उपलब्ध है. इसके बावजूद हमें नई थार के लिये इसको लॉन्च करने के बाद से अब तक 9,000 की बुकिंग मिल गई है. यह इस सेगमेंट के गाड़ियों के मामले में अप्रत्याशित है.’’
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने अपनी नई थार को पिछले शुक्रवार को पेश किया था. इसका दाम 9.8 लाख रुपये से लेकर 13.75 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखा गया है. कंपनी ने नई थार को दो मॉडल एएक्स और एलएक्स में उतारा है. इसमें पेट्रोल और डीजल दोनों तरह के पावरट्रेन के विकल्प उपलब्ध हैं. एसयूवी का डिजाइन और इंजीनियरिंग पूरी तरह से भारत में ही की गई है. इसे कंपनी के नासिक प्लांट में तैयार किया जाएगा.

