नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में कनॉट प्लेस के पास स्थित नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को खरीदने के लिए अडाणी भी इच्छुक हैं। रेल मंत्रालय के रेल लैंड डिवेलपमेंट अथॉरिटी ने बीते दिनों नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के निजीकरण के सिलसिले में जो प्री-बीड मीटिंग का आयोजन किया था, उसमें इस समूह के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में लखनऊ, जयपुर और अहमदाबाद समेत देश के छह हवाई अड्डों का निजीकरण किया है, वह सब के सब अडाणी ने ही लिए हैं।
आरएलडीए के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इस प्री-बीड मीटिंग में देशी-विदेशी कुल 20 कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इनमें फ्रांस की सरकारी रेलवे कंपनी द सोसाइटी नेशनेल डेस कैमिन डे फेर फ्रैंकेइस , अरबियन कंस्ट्रक्शन कंपनी, एंकोरेज इन्फ्रास्ट्रक्चर, अडाणी, जीएमआर, आई स्क्वॉड कैपिटल, जेकेबी इंफ्रा आदि के नाम शामिल हैं। इस स्टेशन को 60 साल तक किसी निजी कंपनी को सौंपने की योजना है ताकि उसका पुनर्विकास किया जा सके।

