नई दिल्ली: प्रतिष्ठित IT कंपनी विप्रो के सीईओ आबिदअली नीमचवाला ने पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के चलते इस्तीफा देने का फैसला लिया है. अगले सीईओ नियुक्त किए जाने तक नीमचवाला अपने पद पर बने रहेंगे. कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
नीमचवाला 2015 अप्रैल से विप्रो के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और ग्रुप प्रेसिडेंट थे. इन्हें 1 फरवरी 2016 को सीईओ के रुप में नियुक्त किया गया था. नीमचवाला के पास आईटी सेक्टर में 25 से अधिक वर्षों का अनुभव है.
नीमचवाला ने अपने इस्तीफे के बारे में शुक्रवार की सुबह एक बयान में कहा, “लगभग 75 वर्षो की समृद्ध विरासत वाली कंपनी विप्रो की सेवा करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही है. हमने अपनी परिवर्तन यात्रा में काफी प्रगति की है, अपने वितरण व्यवस्था में सुधार किया है और ग्राहक की प्रमुखता को संस्थागत रूप दिया है.” नीमचवाला ने इन सालों में उन्हें अपना समर्थन देने के लिए अजीम प्रेमजी, उनके बेटे रिशद प्रेमजी, निदेशक मंडल, सहकर्मियों और ग्राहकों का शुक्रिया अदा किया है.

