नयी दिल्ली: टीवीएस मोटर कंपनी का दिसंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 20.7 प्रतिशत घटकर 156.84 करोड़ रुपये रह गया। इस अवधि में बिक्री घटने से कंपनी का मुनाफा नीचे आया है। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 197.79 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय घटकर 4,779.32 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 5,123.50 करोड़ रुपये थी। तिमाही के दौरान कंपनी की कुल दोपहिया बिक्री घटकर 7.73 लाख इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान तिमाही में 9.5 लाख इकाई थी।

