बेंगलुरू: साफ्टवेयर सेवा देने वाली कंपनी इन्फोसिस ने सोमवार को यहां आयकर विभाग के केंद्रीकृत प्रसंस्करण केंद्र (सीपीसी) से जुड़े अपने तीन कर्मचारियों को बर्खास्त करने की घोषणा की।
करदाताओं से उनके रिफंड के तेजी से आगे बढ़ाने को लेकर रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘इन्फोसिस कुछ कर्मचारियों के खिलाफ लगे आरोप से अवगत है। वे कंपनी की नीतियों के उल्लंघन करते पाये गये।
आंतरिक जांच के बाद कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।’’ बयान के अनुसार, ‘‘इन्फोसिस नीतियों एवं संहिता के उल्लंघन को गंभीरता से लेता है और हम जांच अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’ उल्लेखनीय है कि पुलिस ने रविवार को कहा कि तीन में से मुख्य आरोपी सीपीसी के आंकड़ा विभाग से जुड़ा था। उसने अपने दोस्तों के जरिये कुछ बड़े करदाताओं से रिफंड के बदले कमीशन के तौर पर पैसे लिये।

