नई दिल्ली: रिलायंस रिटेल में सिल्वर लेक 1.75% इक्विटी के लिए 7 हजार 500 करोड़ रू का निवेश करेगा। इस सौदे में रिलायंस रिटेल की प्री-मनी इक्विटी मूल्य 4.21 लाख करोड़ रू आंका गया है।
जियो प्लेटफॉर्म्स में निवेश के बाद सिल्वर लेक अब रिलायंस रिटेल में भी निवेश कर रहा है। सिल्वर लेक को दुनिया में टेक्नॉलोजी सेक्टर के सबसे बड़े निवेशकों में माना जाता है। सिल्वर लेक का रिलायंस रिटेल में निवेश करना इस बात का साफ संकेत है कि रिलायंस रिटेल भारतीय रिटेल सेक्टर में बड़े खिलाड़ी के रूप में उभरा है। हाल ही में रिलायंस रिटेल ने फ्यूचर ग्रुप का अधिग्रहण किया था।
सिल्वर लेक इससे पहले, 1.35 बिलियन डॉलर यानी करीब 10,200 करोड़ रू से अधिक का निवेश जियो प्लेटफॉर्म्स में कर चुका है। रिलायंस रिटेल और जियो प्लेटफॉर्म्स का कुल वैल्यूएशन 9 लाख करोड़ रू पार कर गया है।
देश के अनेकों शहरों में फैले रिलायंस रिटेल के 12 हजार से अधिक स्टोर्स में करीब 64 करोड़ का फुटफॉल प्रतिवर्ष हैं। रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी ने इस नेटवर्क से 3 करोड़ किराना स्टोर्स और 12 करोड़ किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने हाल ही में जियोमार्ट को भी लॉन्च किया है जो ग्रोसरी सेक्टर का ऑनलाइन स्टोर है। जियोमार्ट पर हर दिन करीब 4 लाख ऑर्डर बुक हो रहे हैं।

