राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में टमाटर का खुदरा दाम 80 से 85 रुपये प्रति किलोग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया है. निजी व्यापारियों के मुताबिक उत्पादक क्षेत्रों से आपूर्ति कम रहने की वजह से टमाटर महंगा हो रहा है. टमाटर के दाम जून से मजबूत बने हुए हैं. पिछले कुछ हफ्ते के दौरान टमाटर के दाम किस्म के हिसाब से 50 से 60 रुपये किलो पर चल रहे हैं.
व्यापारियों ने बताया कि उत्पादक क्षेत्रों से नई फसल की आवक कम रहने की वजह से इस हफ्ते टमाटर के दाम और चढ़ गए हैं. शनिवार को दिल्ली में गुणवत्ता और विभिन्न इलाकों के हिसाब से टमाटर 80 से 85 रुपये किलोग्राम बिक रहा था.
हालांकि, सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में टमाटर का खुदरा दाम 60 रुपये किलो है. मदर डेयरी के सफल आउटलेट पर टमाटर 78 रुपये किलो बिक रहा है. ई-कॉमर्स कंपनी ग्रोफर्स टमाटर 74 से 75 रुपये किलो और बिग बास्केट 60 रुपये किलो बेच रही है. एशिया की सबसे बड़ी थोक फल एवं सब्जी मंडी आजादपुर में टमाटर का दाम 40 से 60 रुपये किलो चल रहा है. आजादपुर मंडी के पीपीए टोमैटो एसोसिशन के अशोक कौशिक ने कहा कि उत्पादक क्षेत्रों से कम आपूर्ति की खबरों से टमाटर के दाम चढ़ रहे हैं.

