नई दिल्ली: मारुति सुजुकी डीजल इंजन वाली गाड़ियों का प्रॉडक्ट बंद करने के फैसले से बिक्री को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल वेरिएंट तथा सीएनजी विकल्पों पर ध्यान दे रही है. कंपनी ने पिछले सप्ताह ऑटो एक्सपो 2020 (auto expo 2020) में कॉम्पैक्ट स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) विटारा ब्रेजा (Vitara Brezza) का पेट्रोल वेरिएंट प्रदर्शित किया. अभी तक इसका सिर्फ डीजल इंजन वेरिएंट ही उपलब्ध था. कंपनी एस-क्रॉस (S-Cross) का पेट्रोल संस्करण भी लाने की तैयारी में है.
मारुति सुजुकी इंडिया के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर (सेल्स और मार्केटिंग) शशांक श्रीवास्तव ने कहा कि हमें उम्मीद है कि डीजल इंजन के बंद होने से जो नुकसान होगा उसकी भरपाई पेट्रोल वेरिएंट की संख्या बढ़ाकर कर लेंगे. यह मौजूदा पोर्टफोलियो की तुलना अगले साल से करने जैसा नहीं है बल्कि यह अगले साल मौजूदा पोर्टफोलियो से डीजल वाहनों को हटाकर की जाने वाली तुलना है.
उन्होंने कहा कि अप्रैल से जनवरी के दौरान कंपनी की कुल बिक्री में डीजल वाहनों की 21 प्रतिशत हिस्सेदारी रही. पीटीआई की खबर के मुताबिक, इस वित्त वर्ष में डीजल इंजन वाले वाहनों की बिक्री करीब 2.7 से 2.8 लाख इकाई रहने का अनुमान है. कंपनी ने इस वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में घरेलू बाजार में कुल 12,45,197 वाहनों की बिक्री की है. यह साल भर पहले की समान अवधि की तुलना में 15.1 प्रतिशत कम है.

