नयी दिल्ली: घरेलू एफएमसीजी कंपनी इमामी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ जून तिमाही में 1.17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 39.58 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान उसे 39.12 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ हुआ था।
हालांकि, समीक्षाधीन तिमाही में इसका राजस्व 25.79 प्रतिशत घटकर 481.34 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 648.64 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा, ‘‘इमामी ने कोरोना वायरस महामारी के कारण उत्पन्न चुनौतीपूर्ण समय को धता बताते हुए वित्त वर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में ठोस प्रदर्शन किया।’’

